Raebareli में प्रधानी की रंजिश में चली गोली, युवक घायल

Raebareli : रायबरेली जिले के थाना भदोखर क्षेत्र के कल्याणपुर रैली गांव में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम को एक युवक अपनी मां के साथ घर लौट रहा था, तभी चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने जब शोर मचाया तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल युवक को परिजनों ने नजदीकी एम्स रायबरेली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, और इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बयान दर्ज कराए और फोरेंसिक टीम को जांच करने के निर्देश दिये। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह हमला गांव के प्रधानी चुनाव से जुड़ी रंजिश का नतीजा है। पीड़ित युवक के परिवार का दावा है कि आरोपी वर्तमान प्रधान के समर्थक हैं, जो पुराने विवाद को लेकर बदला लेना चाहते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है—ये स्थानीय युवक हैं, जिनमें से दो प्रधानी समर्थक बताए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया रातोंरात छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चौथा फरार है।

एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया,घटना प्रधानी रंजिश से प्रेरित लग रही है। हमने मामला दर्ज कर लिया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

Other Latest News

Leave a Comment