India Strong Reply to Pakistan False Claim : शहबाज के झूठे आरोप पर भारत का करारा पलटवार

पाकिस्तान के बेबुनियाद आरोपों पर भारत सख्त, कहा- ‘अपनी नाकामियों को छिपा रहा है PAK’

India Strong Reply to Pakistan False Claim : दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के ठीक एक दिन बाद इस्लामाबाद में हुए कार ब्लास्ट ने पाकिस्तान (Pakistan) को हिला दिया। लेकिन इस धमाके के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने एक बार फिर बिना सबूत भारत पर गंभीर आरोप लगा दिए। उन्होंने दावा किया कि इस्लामाबाद (Islamabad) में हुए ब्लास्ट के पीछे भारत का हाथ है। भारत ने इन बेबुनियाद आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान अपनी घरेलू नाकामियों और अराजकता से ध्यान भटकाने के लिए बार-बार ऐसे झूठे नैरेटिव गढ़ता है। तो चलिए जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला और कैसे भारत ने दिया पाकिस्तान को करारा जवाब।

दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में धमाका

दिल्ली (Delhi) में सोमवार को लाल किले (Red Fort) के पास हुए कार ब्लास्ट से देशभर में सनसनी फैल गई थी। जांच एजेंसियां अभी इस मामले की तहकीकात में ही जुटी थीं कि अगले ही दिन पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भी एक बड़ा विस्फोट हुआ। यह धमाका एक जिला अदालत के बाहर हुआ, जिसमें करीब 12 लोगों की मौत और 27 से अधिक घायल हुए। बताया गया कि हमलावर कोर्ट परिसर में घुसना चाहता था लेकिन नाकाम रहा। असफलता के बाद उसने गेट के पास एक पुलिस वाहन के पास खुद को उड़ा लिया। इस धमाके की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान’ ने ली, जिसने पाकिस्तान सरकार को खुलेआम धमकी भी दी।

झूठे आरोपों से बाज नहीं आया पाकिस्तान

इस्लामाबाद धमाके (Islamabad Blast) के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने भारत पर उंगली उठाते हुए दावा किया कि ब्लास्ट के पीछे भारत का हाथ है। बिना किसी सबूत के लगाए गए इन आरोपों ने एक बार फिर पाकिस्तान (Pakistan) की आदत को उजागर कर दिया- अपनी हर विफलता का ठीकरा भारत पर फोड़ना। पाकिस्तान के कई नेता और सरकारी प्रवक्ता भी इसी बयानबाजी में कूद पड़े। विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान में जब-जब कोई आतंकी हमला या राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती है, तब वहां की सत्ता जनता का ध्यान भटकाने के लिए भारत के खिलाफ झूठे आरोप लगाने लगती है।

भारत ने दिया सख्त जवाब

भारत ने पाकिस्तान (Pakistan) के इन आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय (Ministry Of External Affairs) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) ने कहा कि पाकिस्तान (Pakistan) की लीडरशिप भ्रम में जी रही है और उसके सारे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सेना और राजनीतिक नेतृत्व के बीच सत्ता संघर्ष जारी है, और जनता का ध्यान इससे भटकाने के लिए सरकार झूठा नैरेटिव फैलाती है। भारत ने दो टूक कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान की इन हताशापूर्ण कोशिशों को अच्छी तरह पहचानता है और ऐसे बेबुनियाद आरोपों से कोई गुमराह नहीं होगा।

कब सुधरेगा पाकिस्तान?

पाकिस्तान (Pakistan) की राजनीति में यह पहली बार नहीं है जब वहां की सरकार ने अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए भारत पर आरोप मढ़े हों। विशेषज्ञों का मानना है कि शहबाज सरकार लगातार बढ़ती महंगाई, राजनीतिक अस्थिरता और आतंकवाद की चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में ध्यान भटकाने के लिए भारत को निशाना बनाना आसान रास्ता बन गया है। इस्लामाबाद ब्लास्ट के बाद जिस तरह आतंकी संगठन ने खुली धमकी दी, उसने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यही है क्या पाकिस्तान कभी अपने घर की आग बुझाने की कोशिश करेगा या यूं ही दूसरों पर दोष मढ़ता रहेगा?

Other Latest News

Leave a Comment