Provident Fund Update : हर नौकरीपेशा व्यक्ति अपनी आय का एक हिस्सा भविष्य के लिए बचाकर रखता है- यही राशि मुश्किल समय में सबसे बड़ी मदद साबित होती है। इसी बचत को हम भविष्य निधि (Provident Fund) या PF के नाम से जानते हैं। लेकिन जब इस रकम को निकालने की बात आती है, तो कई बार प्रक्रिया को लेकर भ्रम और देरी दोनों सामने आते हैं। अब यह झंझट खत्म हो गया है, क्योंकि EPFO ने PF निकालने की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बना दिया है। अब न दफ्तर के चक्कर, न लंबी फाइलें बस कुछ क्लिक और आपका पैसा सीधे खाते में। तो चलिए जानते हैं पूरी खबर विस्तार से कि अगर PF क्लेम अटक जाए तो कैसे निकाल सकते हैं पैसा और किन बातों का रखना है ध्यान।
अब आसान हुआ PF क्लेम निकालने का तरीका

इंदौर (Indore) भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय आयुक्त मोहम्मद शोएब शेख (Mohammad Shoaib Sheikh) के मुताबिक अब PF निकालना पहले की तुलना में बेहद आसान हो गया है। UMANG ऐप (UMANG App) के जरिए कर्मचारी अपने UAN नंबर और कुछ बेसिक जानकारी डालकर क्लेम सबमिट कर सकते हैं। संगठन का प्रयास रहता है कि 10 कार्य दिवसों के भीतर PF भुगतान हो जाए। जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया में सहज नहीं हैं, वे अपने नज़दीकी PF कार्यालय जाकर ऑफलाइन फॉर्म भर सकते हैं। कर्मचारियों की सहायता से आवेदन वहीं जमा हो जाता है और आगे की कार्रवाई तेज़ी से होती है। यानी अब PF क्लेम के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं।
क्लेम करते समय किन बातों का रखें ध्यान
PF क्लेम के लिए सही फॉर्म का चयन बेहद जरूरी है। अगर आप नौकरी करते हुए किसी ज़रूरत जैसे बीमारी, घर बनाना, बच्चों की शादी या शिक्षा के लिए रकम निकालना चाहते हैं, तो इसके लिए फॉर्म 31 भरना होता है। वहीं, अगर आपने नौकरी छोड़ दी है और दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, तो पूरा PF निकालने के लिए फॉर्म 10C भरना जरूरी है। हर फॉर्म का अलग उद्देश्य होता है, इसलिए गलत फॉर्म भरने से क्लेम रिजेक्ट भी हो सकता है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि आपका UAN, बैंक अकाउंट और KYC डिटेल्स अपडेटेड हों, ताकि प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए।
इन गलतियों से बचें वरना फंस सकता है पैसा
PF क्लेम के दौरान कई लोग जल्दबाज़ी में बड़ी गलती कर बैठते हैं और साइबर ठगी का शिकार बन जाते हैं। इंदौर (Indore) भविष्य निधि संगठन के असिस्टेंट डायरेक्टर अविनाश जायसवाल (Avinash Jaiswal) के अनुसार, कई लोग फर्जी वेबसाइट्स या एजेंट्स के जाल में फंस जाते हैं और अपनी निजी जानकारी या OTP साझा कर देते हैं। याद रखें — PF क्लेम के लिए केवल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट या UMANG ऐप का ही उपयोग करें। किसी भी अन्य साइट पर अपनी बैंक डिटेल या आधार जानकारी न डालें। ठग अक्सर “क्लेम जल्दी करवाने” का लालच देकर लोगों से पैसा ऐंठते हैं, इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
UMANG ऐप से घर बैठे करें PF क्लेम
अब PF निकालने का सबसे आसान तरीका है UMANG ऐप (UMANG App)। अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड करें और “All Services – EPFO – Employee Centric Services” में जाकर “Raise Claim / Claim Form (10C, 19, 31)” पर क्लिक करें। अब अपना UAN और OTP दर्ज करें, क्लेम डिटेल भरें और सबमिट कर दें। आपको एक Acknowledgement Number मिलेगा, जिससे आप “Claim Status” ट्रैक कर सकते हैं। UIDAI और EPFO की डिजिटल प्रणाली ने PF प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। अब न फाइलों का झंझट, न देरी बस कुछ क्लिक और आपका PF पैसा सीधे खाते में।










