Raebareli News : NTPC की 210 मेगावाट की 3 यूनिट बंद

मरम्मत के लिए 25 दिनों तक उत्पादन ठप; 9 राज्यों की आपूर्ति पर असर

Raebareli News : ​रायबरेली स्थित ऊंचाहार एनटीपीसी परियोजना में तकनीकी खराबी और मरम्मत कार्यों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में, एक बार फिर परियोजना की यूनिट नंबर तीन (210 मेगावाट क्षमता) को शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे बंद कर दिया गया। परियोजना प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इस यूनिट में मरम्मत कार्य किया जाना है, जिसके चलते बिजली उत्पादन अगले 25 दिनों तक ठप रहेगा।

​यूनिट बंद होने से परियोजना से होने वाले कुल बिजली उत्पादन में 210 मेगावाट की कमी आई है, जिसका असर उत्तर भारत के 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की बिजली आपूर्ति पर पड़ सकता है।

1550 मेगावाट क्षमता वाली परियोजना

​एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना देश की महत्वपूर्ण बिजली उत्पादन इकाइयों में से एक है। इसमें 210-210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली पांच यूनिटें और 500 मेगावाट क्षमता की एक छठी यूनिट स्थापित है। इन सभी यूनिटों से कुल 1550 मेगावाट बिजली उत्पादित होती है, जबकि अरखा में लगे सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट से भी 10 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है।

इस परियोजना से जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश को बिजली की आपूर्ति होती है।

शेड्यूल के हिसाब से बंद हुई यूनिट

परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात यूनिट नंबर तीन 210 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रही थी, जिसे निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से बंद किया गया है।

​उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य के कारण यूनिट तीन बंद है, लेकिन शेष अन्य यूनिटें अपनी पूरी क्षमता से बिजली उत्पादन कर रही हैं। यह यूनिटें उत्तर भारत के राज्यों को बिजली आपूर्ति करती रहेंगी।

Other Latest News

Leave a Comment