Raebareli News : मिशन शक्ति फेज-5 ‘सक्षम नारी – सशक्त भारत’ के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग रायबरेली द्वारा आज शहर कोतवाली क्षेत्र के अमर नगर स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में ‘हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन’ मूवमेंट का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता की देखरेख में चले इस कार्यक्रम में स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने एक स्वर में शपथ ली कि –
“हम नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे, स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिचितों-अड़ोसियों-पड़ोसियों को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कल्याण विभाग के जिला समन्वयक वीरेन्द्र पाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति अभियान अब पांचवें चरण में है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति को भी प्राथमिकता दी गई है, क्योंकि नशा परिवार और समाज दोनों को खोखला करता है।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि छोटी उम्र में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ से दूरी बनाना कितना जरूरी है। साथ ही मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, पिंक पेट्रोलिंग, महिला शक्ति केंद्र आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं महिला कल्याण विभाग की टीम के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। बच्चों ने नशा मुक्ति के संकल्प के साथ जोश के साथ शपथ ली और तालियां बजाकर अपने संकल्प को मजबूत किया।
महिला कल्याण विभाग की ओर से बताया गया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जनपद के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में लगातार आयोजित किए जा रहे हैं ताकि नई पीढ़ी नशे से दूर रहे और एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण हो सके।










