बागपत ( Baghpat ) के चांदीनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब हरियाणा ( Haryana ) से बारात में शामिल होने आए सात युवकों से भरी स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सूरजपुर मेहनवा गांव के पास एक बड़े तालाब में जा गिरी। कार पूरी तरह पानी में डूब गई और उसमें सवार युवकों की चीख-पुकार से इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसा मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चीखें सुनते ही दौड़ लगाई और देखते ही देखते दर्जनों ग्रामीण तालाब किनारे जमा हो गए। गनीमत रही कि तालाब का पानी उस समय ज्यादा गहरा नहीं था और ग्रामीणों ने फौरन रेस्क्यू शुरू कर दिया। किसी ने रस्सी डाली, किसी ने लाठी-बांस का सहारा लिया और सभी सात युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सभी युवक हरियाणा के अलग-अलग इलाकों के बताए जा रहे हैं, जो चांदीनगर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

ग्रामीणों की सूझबूझ से टली बड़ी त्रासदी
ग्रामीणों का कहना है कि अगर 4-5 मिनट की भी देरी हो जाती तो सभी की जान जा सकती थी, क्योंकि कार तेजी से पानी में डूब रही थी और अंदर बैठे युवक दरवाजे खोलने में असमर्थ थे। बाद में क्रेन बुलाकर कार को भी तालाब से बाहर निकाला गया। मौके पर चांदीनगर थाना पुलिस भी पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
परिजनों ने ग्रामीणों को बताया भगवान का रूप
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एक परिजन ने मीडिया से बातचीत में कहा, “भगवान का शुक्र है कि हमारे बच्चों को कुछ नहीं हुआ। ये गांव वाले हमारे लिए भगवान बनकर आए। अगर ये लोग न होते तो आज हम सबको मुंह दिखाने लायक नहीं रहते। हम इन सबको दिल से धन्यवाद देते हैं।”
प्रत्यक्षदर्शी बोले – “पानी में कार डूबती देख दिल बैठ गया”
घटना देखने वाले एक स्थानीय युवक ने बताया, “रात का समय था, अचानक तेज आवाज आई और कार सीधे तालाब में समा गई। चीखें सुनकर हम सब दौड़े। पानी में कार पूरी तरह डूब चुकी थी, सिर्फ छत दिख रही थी। सबने मिलकर रेस्क्यू किया, भगवान की दया से सभी बच गए।”
फिलहाल सभी सातों युवक सुरक्षित हैं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे में सड़क किनारे तालाब का अंदाजा न होना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।










