Raebareli : रायबरेली जिले के बछरावां थाना क्षेत्र के रहने वाले करीब 2 फुट कद के मोहम्मद शरीफ एक बार फिर अपनी शादी की आस लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। गुरुवार अपराह्न करीब 4 बजे डीएम ऑफिस पहुंचे शरीफ ने जिलाधिकारी हर्षिता माथुर को प्रार्थना-पत्र सौंपकर समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अपनी शादी कराने की मांग की।
शरीफ ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से जिला प्रशासन, विधायक और अन्य अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शादी अभी तक नहीं हो पाई है। पहले भी कई जिलाधिकारियों को उन्होंने प्रार्थना-पत्र दिए, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार डीएम हर्षिता माथुर ने उन्हें खुद पसंद की लड़की ढूंढने को कहा और आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत उनकी शादी जरूर कराई जाएगी।

मोहम्मद शरीफ पुत्र गरीबुल्लाह की उम्र लगभग 35-40 वर्ष बताई जा रही है। शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के कारण उनकी लंबाई मात्र 2 फुट के आसपास है। वह बछरावां कस्बे में ही रहते हैं और आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। शरीफ ने बताया कि वह शादी करना चाहते हैं ताकि उनकी जिंदगी में भी कोई साथी आए और परिवार बस सके।
इससे पहले भी शरीफ बछरावां के विधायक रामनरेश रावत के पास प्रार्थना-पत्र लेकर जा चुके हैं, लेकिन वहां से भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। थके-हारे शरीफ अब प्रशासन से आखिरी उम्मीद लगाए बैठे हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि शरीफ का मामला संवेदनशील है और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाती है। जल्द ही समाज कल्याण विभाग से समन्वय कर उनकी शादी कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शरीफ की यह जद्दोजहद देखकर कार्यालय में मौजूद लोग भावुक हो गए। कई लोगों ने कहा कि प्रशासन को ऐसे जरूरतमंदों की जल्द मदद करनी चाहिए ताकि उनकी जिंदगी में भी खुशियां आ सकें।










