Bangladesh Violence Explodes Again: 7 साल की बच्ची को जिंदा जलाया गया, यूनुस सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम

Bangladesh Violence Explodes Again: हादी की हत्या के बाद सुलग उठा बांग्लादेश, हिंसा, आगजनी और भारत तक फैला आक्रोश

Bangladesh Violence Explodes Again: बांग्लादेश (Bangladesh) में हालात लगातार बेकाबू होते जा रहे हैं। युवा नेता शरीफ उस्मान हादी (Sharif Usman Hadi) की हत्या के बाद देशभर में भड़की हिंसा अब खौफनाक रूप ले चुकी है। आगजनी, तोड़फोड़, पत्रकारों पर हमले और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने अंतरिम सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात तब और भयावह हो गए जब लक्ष्मीपुर में एक 7 साल की बच्ची को जिंदा जला दिया गया। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने मोहम्मद यूनुस (Muhammad Yunus) सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया है। वहीं, दीपू चंद्र दास की हत्या ने भारत (India) में भी आक्रोश फैला दिया है। आखिर बांग्लादेश में हिंसा क्यों नहीं थम रही, इसके पीछे क्या वजह है और आगे क्या होने वाला है चलिए इस संवेदनशील मुद्दे को समझने का प्रयास करते हैं…

हादी की हत्या से सुलगा बांग्लादेश/Bangladesh Violence Explodes Again

बांग्लादेश में मौजूदा हिंसा की जड़ युवा नेता शरीफ उस्मान हादी (Sharif Usman Hadi) की हत्या से जुड़ी है। हादी छात्र आंदोलन से उभरे उन नेताओं में शामिल थे, जिनके विरोध प्रदर्शनों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की सरकार सत्ता से बाहर हुई थी। 12 दिसंबर को ढाका (Dhaka) के विजयनगर इलाके में नकाबपोश हमलावरों ने चुनाव प्रचार के दौरान उनके सिर में गोली मार दी। इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर (Singapore) ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हादी की मौत के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया। ढाका, चटगांव (Chattogram) और सिलहट (Sylhet) समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए। सरकारी इमारतों, मीडिया हाउस और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाया गया, जिससे हालात लगातार बिगड़ते चले गए।

बच्ची की मौत और अल्पसंख्यकों पर हमले

हिंसा का सबसे दिल दहला देने वाला मामला लक्ष्मीपुर सदर उपजिला (Lakshmipur Sadar Upazila) से सामने आया, जहां बीएनपी नेता के घर को बाहर से बंद कर आग लगा दी गई। इस घटना में एक 7 साल की बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा मयमनसिंह (Mymensingh) में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास (Dipu Chandra Das) की ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और शव को जला दिया गया। इन घटनाओं ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। हालात ऐसे हैं कि प्रदर्शनकारी जो भी सामने आ रहा है, उसे आग के हवाले कर रहे हैं। मीडिया दफ्तरों में तोड़फोड़ और पत्रकारों के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।

हिंदू युवक की हत्या और भारत में आक्रोश

दीपू चंद्र दास (Dipu Chandra Das) की हत्या के मामले में अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस (Muhammad Yunus) ने 10 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, जिनमें से सात को रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) और तीन को पुलिस ने पकड़ा है। वहीं, इंकलाब मंच ने हादी की हत्या के दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। भारत में भी इस हिंसा को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कोलकाता (Kolkata) में बांग्लादेश उप उच्चायोग तक विरोध मार्च निकाला गया, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रों ने मोहम्मद यूनुस का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।

अंतिम संस्कार के बाद भी हालात बेकाबू

हादी को ढाका (Dhaka) में राष्ट्रीय कवि काजी नजरूल इस्लाम (Kazi Nazrul Islam) की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है, लेकिन उनके अंतिम संस्कार के बाद भी हालात शांत नहीं हुए। पश्चिम बंगाल पुलिस (West Bengal Police) ने अफवाहों से बचने की अपील की है, वहीं सिलहट (Sylhet) में भारतीय वीजा कार्यालय और सहायक उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बांग्लादेश में एक दिन का राजकीय शोक जरूर घोषित किया गया, लेकिन जमीन पर हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। सवाल यह है कि क्या यूनुस सरकार हालात पर काबू पा पाएगी, या बांग्लादेश में हिंसा का यह दौर और गहराएगा—इस पर अब पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।

Other Latest News

Leave a Comment