Mainpuri : मैनपुरी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डायट भोगांव में छात्राओं के साथ हो रहे कथित शोषण के मामले में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया है कि डायट भोगांव में प्रशिक्षण ले रही छात्राओं को प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
आरोप है कि छात्राओं को व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर और अन्य अनैतिक तरीकों से उनका शोषण किया जा रहा है। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंकों का डर दिखाकर छात्राओं को अनुचित कार्यों के लिए विवश करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से निम्नलिखित बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है मामले की गंभीरता को देखते हुए एक उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच समिति बनाई जाए।
संबंधित प्रधानाचार्य और प्रवक्ताओं की भूमिका की गहनता से जांच हो। अवकाश पर भेजने की मांग: जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और अबाधित रखने के लिए, आरोपी अधिकारियों और प्रवक्ताओं को जांच पूरी होने तक अनिवार्य अवकाश पर भेजा जाए।
छात्राओं के भविष्य और उनकी गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।










