Bal Vivah Mukt Bharat Abhiyan : राज्य मंत्री गुलाब देवी ने किया ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान का समापन

Bal Vivah Mukt Bharat Abhiyan : सम्भल के बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के 100 दिवसीय अभियान का समापन हुआ। राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कार्यक्रम में अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने का आह्वान किया।

Bal Vivah Mukt Bharat Abhiyan : सम्भल जिले के बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के 100 दिवसीय अभियान का औपचारिक समापन किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ सरकार और समाज के साझा प्रयासों को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक समस्या ही नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। इसलिए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग लोगो को आगे आना होगा।

जिले में 100 दिन तक चला जागरूकता अभियान

भारत सरकार की पहल पर देशभर में बाल विवाह की रोकथाम के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। सम्भल जिले में भी इस अभियान के तहत लगातार 100 दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान की शुरुआत 19 जनवरी 2026 को हुई थी, जब जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बहजोई कलेक्ट्रेट परिसर से ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

यह रथ जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पहुंचा और वहां के लोगों को बाल विवाह के नुकसान और इसके कानूनी पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया गया विशेष जनजागरण अभियान

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सामाजिक संस्था प्रयत्न की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के सहयोग से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद किया गया और उन्हें बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर किस तरह नकारात्मक असर डालता है।

कार्यक्रम में संस्था के प्रभारी गौरीशंकर चौधरी ने बताया कि समाज में बदलाव तभी संभव है जब लोग खुद आगे आकर इस कुप्रथा का विरोध करें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए परिवारों और समुदायों को जागरूक करना सबसे जरूरी कदम है।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

समापन समारोह के दौरान अभियान में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। संस्था की ओर से जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव को मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा ‘महिला शक्ति सम्मान’ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। समाज में हर दिन महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां भी मौजूद रहीं।

मुख्य रूप से राज्य मंत्री गुलाब देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, चेयरमैन राजेश शंकर राजू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी चंद्रभूषण, संगीता भार्गव, नीलम रॉय, रंजना शर्मा, सिराज अहमद, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment