Raebareli: संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर डीएम ने कसी स्वास्थ्य विभाग की कमर

1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान

Raebareli: रायबरेली जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक से पहले जिलाधिकारी ने आगामी संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान आयोजित होगा। डीएम ने निर्देश दिया कि दोनों अभियानों को महज औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए गांवों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्राम पंचायत, नगर निकाय, शिक्षा, बाल विकास, पंचायती राज सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने साफ-सफाई, जलभराव की समस्या के निराकरण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए लक्षण वाले मरीजों की समय से पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने को कहा। दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य फील्ड कर्मियों को घर-घर संपर्क कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा संभावित रोगियों को चिन्हित कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से संचालित योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा हुई। डीएम ने मरीजों को समय से उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अभियान की ग्राम पंचायत से लेकर जनपद स्तर तक नियमित मॉनीटरिंग की जाए और प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment