बोकारो थर्मल बना कर्मा महोत्सव का गवाह: पारंपरिक रंग में रंगे डीसी-एसपी, झूमर नृत्य में हुए शामिल

बोकारो थर्मल: डीवीसी के विवेकानंद ग्राउंड में डीवीसी सीएसआर द्वारा आयोजित कर्मा पूजा समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा, बेरमो बीडीओ, डीवीसी प्रोजेक्ट हेड सहित सामुहिक दीप प्रज्वलित कर तथा कर्मा डाल और जावा की विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूजा के बाद उपायुक्त और एसपी स्वयं ढोल और मांदर बजाते हुए स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक झूमर नृत्य में शामिल हुए। उपायुक्त एवं पुलिस कप्तान को पारंपरिक झूमर में शामिल होते देख कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि कर्मा पूजा झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को प्रकृति से प्रेम करने, पेड़-पौधों का संरक्षण करने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान हैं और इनके संरक्षण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और मांदर की थाप से पूरा विवेकानंद ग्राउंड गूंज उठा। महिला-पुरुष और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में झूमर प्रस्तुत किया। लोगों ने एक-दूसरे को कर्मा पर्व की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में बोकारो आयुक्त, एसडीएम, बीडीओ, डीवीसी के परियोजना प्रमुख समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। डीवीसी सीएसआर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया।

Other Latest News

Leave a Comment