रायबरेली में जर्जर सड़क को लेकर ग्राम प्रधान का सांसद को पत्र, जल्द निर्माण की मांग

रायबरेली के अमावां ब्लॉक स्थित मेनपुर ग्राम पंचायत में जर्जर सड़क को लेकर ग्राम प्रधान ने सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखकर जल्द निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी।

रायबरेली जनपद के अमावां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मेनपुर से एक अहम मामला सामने आया है, जहां ग्राम प्रधान ने क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को पत्र भेजकर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है।

ग्राम प्रधान अजय कुमार यादव (एडवोकेट) द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि फजाबाद रोड से निकलने वाला संपर्क मार्ग, जो उसरपुर, गेरखुड़ा, धमधमा ग्रामसभा मेनपुर होते हुए कुमारगंज चौराहे तक जाता है, उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पूरी तरह जर्जर होने से इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय सांसद द्वारा क्षेत्र की जनता से सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

ग्राम प्रधान ने सांसद से मांग की है कि उक्त मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारू रूप से हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन तेज किया जा सकता है।

Other Latest News

Leave a Comment