भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एशियाई खेल 2026 में टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही 37 वर्षीय हरमनप्रीत ने कप्तानी में खिताब जीतने के मामले में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
हरमनप्रीत ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भारत और अपनी टीमों की कप्तानी करते हुए कई महत्वपूर्ण खिताब अपने नाम किए हैं। इनमें एशिया कप (2012, 2016, 2022, 2026), महिला टी-20 चैलेंज (2019, 2022), महिला प्रीमियर लीग यानी WPL (2023, 2025) और एशियन गेम्स (2023, 2026) शामिल हैं।

11 दिन में दो बड़ी ट्रॉफियां
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने महज 11 दिनों के भीतर दो बड़े खिताब अपने नाम किए। पहले भारतीय टीम ने एशिया कप की ट्रॉफी जीती और इसके बाद जापान में आयोजित एशियाई खेल 2026 में श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
धोनी के रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे
एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 टी-20 विश्व कप और 2016 एशिया कप का खिताब जीता था। इसके अलावा धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया और दो बार चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब जिताया।
हरमनप्रीत की हालिया उपलब्धियों के बाद कप्तानी में अलग-अलग प्रतियोगिताओं में खिताबी सफलता के मामले में उनका नाम भी भारतीय क्रिकेट के बड़े कप्तानों की सूची में शामिल हो गया है।










