रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में गैस सिलेंडर से लगी आग में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 दिन सोमवार की रात सरेनी थाना क्षेत्र के लाला खेड़ा मजरे माधवपुर निवासी छेदीलाल और उनकी करीब 50 वर्षीय पत्नी मालती देवी सोमवार रात लगभग 10 बजे घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग लगने के दौरान घर में मौजूद दोनों पति-पत्नी उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर से रिसाव बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्कता बरतने की बात कर रहे हैं।










