रायबरेली: पहरावां गांव में लगी भीषण आग, हजारों का नुकसान

रायबरेली जिले की महराजगंज तहसील के पहरावां गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कई घरों के छप्पर और अनाज जलकर राख हो गए, जबकि कुछ जानवर भी झुलस गए। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक नुकसान काफी बढ़ चुका था। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इसके असर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

बता दें चंदा पुर थाना क्षेत्र के पहरावां गांव निवासी राजकुमारी पत्नी कमलेश को इस आग से हजारों का नुकसान हुआ है। राजकुमारी ने बताया कि उनके कई बीघे का अनाज छप्पर के नीचे रखा था,जो पूरी तरह जल गया। इसके अतिरिक्त, घर के बर्तन और खाने-पीने का सामान भी आग की चपेट में आकर राख हो गया। उनकी एक भैंस भी आग में झुलस गई। इसी तरह, गांव के रामपाल का छप्पर भी आग से क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर 112 नंबर की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया।

पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी लेखपाल को दे दी गई है और वे जल्द ही मौके पर पहुंचेंगे। समाचार लिखे जाने तक, फायर ब्रिगेड और चन्दापुर पुलिस के जवान घटनास्थल पर मौजूद थे।

Other Latest News

Leave a Comment