गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा: तीन युवकों की डूबकर मौत, एक गंभीर

रायबरेली : सरेनी थाना क्षेत्र के निसगर गंगा घाट पर गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव निवासी हरिओम पुत्र बाबू शंकर (20 वर्ष), हरिशंकर पुत्र बाबू शंकर (15 वर्ष), सत्येंद्र पुत्र देशराज (25 वर्ष) तथा हिमांशु पुत्र रामलखन (20 वर्ष) गुरुवार को निसगर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों युवक भी नदी में कूद पड़े, लेकिन गंगा की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों युवक पानी में समा गए।

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण,गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ ने जांच के बाद हरिओम, हरिशंकर और सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि हिमांशु की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सरेनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सिओ लालगंज अमित कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गांव में एक साथ तीन युवकों की मौत से मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निसगर गंगा घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। घाट पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की उचित व्यवस्था न होने के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Other Latest News

Leave a Comment