रायबरेली : कोतवाली नगर पुलिस ने 36 लाख रुपये मूल्य के 33 केवी अंडरग्राउंड विद्युत तार चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार बता दें मंगलवार को कोतवाली नगर पुलिस ने थाना क्षेत्र से 25 और 26 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने रेलवे लाइन के पास बिछी 33 केवी अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के तीन बंडल तार चोरी कर लिए थे। चोरी की इस बड़ी वारदात से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया था। विभाग की ओर से मामले की सूचना थाना कोतवाली नगर में दी गई, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया।

कोतवाली नगर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मिल एरिया चौकी के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यमणि शर्मा निवासी ग्राम जाटवपुर थाना हैदरगंज जनपद अयोध्या तथा बब्बी पुत्र राम जियावन निवासी सरायसुरा थाना बीकापुर जनपद अयोध्या के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से विद्युत तार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार इस घटना में संजय पासी और उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। जांच में चोरी में प्रयुक्त दो ट्रकों—यूपी 24 एटी 3678 और यूपी 42 सी टी 6869—की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इन वाहनों की भी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।










