रायबरेली: सपा से विधायक बने डॉ मनोज पांडे को योगी सरकार में मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा

रायबरेली जिले में एक नई राजनीति ने और जन्म लिया है क्योंकि इस छोटे से जनपद में अब दो-दो मंत्री भाजपा सरकार के हो गए हैं। बताते चले की उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार का दिन बेहद अहम साबित हुआ, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार में 8 नए मंत्रियों ने शपथ ली। इस विस्तार में रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक मनोज कुमार पांडे को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। जैसे ही उन्होंने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, पूरे रायबरेली जिले और खासकर ऊंचाहार क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।

छात्र राजनीति से मंत्री पद तक का सफर

रायबरेली के कद्दावर ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले मनोज पांडे लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाले मनोज पांडे ने संगठन और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई। ऊंचाहार विधानसभा सीट से कई बार विधायक चुने जा चुके मनोज पांडे अपनी तेजतर्रार छवि, प्रभावशाली वक्तृत्व शैली और मजबूत जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मनोज पांडे का प्रभाव केवल रायबरेली तक सीमित नहीं है, बल्कि अवध और पूर्वांचल की राजनीति में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। विधानसभा में क्षेत्रीय समस्याओं से लेकर प्रदेश स्तर के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के कारण वह हमेशा राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रहे हैं।

सपा से भाजपा तक का चर्चित राजनीतिक सफर

मनोज पांडे लंबे समय तक समाजवादी राजनीति का बड़ा चेहरा रहे और पूर्व में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उनके भाजपा में शामिल होने को प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश माना गया था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें मंत्री बनाकर ब्राह्मण समाज और रायबरेली क्षेत्र को बड़ा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए यह फैसला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मंत्री बनने से रायबरेली का बढ़ा सियासी कद

मनोज पांडे के मंत्री बनने के बाद रायबरेली जिले का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है। खासकर ऊंचाहार क्षेत्र के लोगों को अब विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र को अब सरकार में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर तेजी से काम होने की संभावना बढ़ेगी।

समर्थकों ने कहा कि “ऊंचाहार को उसका हक मिला है” और अब क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

शपथ से पहले चुरूवा हनुमान मंदिर में टेका माथा

मंत्री पद की शपथ लेने से पहले मनोज पांडे ने अपने क्षेत्र के प्रसिद्ध चुरूवा हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह लखनऊ रवाना हुए, जहां उन्होंने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

Other Latest News

Leave a Comment