सदर विधायक आदिति सिंह के प्रयासों से मढ़िया माता मंदिर तालाब जीर्णोद्धार को मिली ₹152 लाख की स्वीकृति

अमृत-2.0 योजना के तहत रायबरेली को मिली बड़ी सौगात, धार्मिक स्थल के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

रायबरेली: सदर विधायक आदिति सिंह (Aditi Singh) के निरंतर प्रयासों से रायबरेली की आस्था के प्रमुख केंद्र मढ़िया माता मंदिर के किनारे स्थित तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य को बड़ी सौगात मिली है। अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना हेतु ₹152.00 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। साथ ही कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए प्रथम किस्त के रूप में ₹30.39 लाख की धनराशि भी जारी कर दी गई है।

यह परियोजना जल संरक्षण, धार्मिक आस्था और स्थानीय विकास को नई पहचान देने का कार्य करेगी। परियोजना के अंतर्गत तालाब का सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, संरचनात्मक विकास एवं आसपास के क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

स्वीकृत परियोजना लागत में निर्धारित फंडिंग पैटर्न के अनुसार ₹50.66 लाख (33.33 प्रतिशत) केंद्रांश, ₹95.26 लाख (62.67 प्रतिशत) राज्यांश तथा ₹6.08 लाख (4 प्रतिशत) निकायांश शामिल है। इस परियोजना की कार्यदायी संस्था नगर पालिका परिषद, रायबरेली को बनाया गया है।

सदर विधायक आदिति सिंह (Aditi Singh) ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना रायबरेली की धार्मिक पहचान और विकास को नई दिशा देगी तथा क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराएगी।

Other Latest News

Leave a Comment