Festival Season 2026: रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों से पहले आम उपभोक्ताओं के लिए एक और चिंता सामने आ रही है। बाजार से मिल रहे संकेत बताते हैं कि आने वाले दिनों में कई रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले उत्पादों की कीमतें बढ़ सकती हैं। यदि कंपनियां अपने प्रस्तावित फैसलों पर अमल करती हैं तो घर-घर में इस्तेमाल होने वाले टूथपेस्ट, डिटर्जेंट, साबुन, डेयरी उत्पाद, पेंट और टायर जैसे सामान खरीदना पहले की तुलना में महंगा पड़ सकता है। ऐसे समय में जब परिवार त्योहारों की खरीदारी की तैयारी कर रहे हैं, यह बदलाव घरेलू बजट पर सीधा असर डाल सकता है।
कच्चे माल की बढ़ती लागत बनी वजह
कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती लागत का असर उत्पादन खर्च पर पड़ रहा है। ऐसे में कंपनियां इस अतिरिक्त खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लागत इसी तरह बढ़ती रही, तो आने वाले महीनों में कई उपभोक्ता उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
रोजमर्रा के सामान पर पड़ सकता है असर
रिपोर्टों के अनुसार, कई बड़ी कंपनियां अपनी अलग-अलग उत्पाद श्रेणियों में कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही हैं. इसका असर डिटर्जेंट, बर्तन साफ करने वाले बार, टूथपेस्ट, साबुन, पेंट, घी, मक्खन और दूसरे घरेलू सामान पर पड़ सकता है.
कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में बदलाव चरणबद्ध तरीके से किया जा सकता है.
त्योहारों में बढ़ती है खरीदारी
रक्षाबंधन, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी काफी बढ़ जाती है। इसी समय कंपनियों की सालाना बिक्री का बड़ा हिस्सा आता है।, इसलिए कई कंपनियां इसी अवधि में कीमतों में बदलाव करने की योजना बना रही हैं।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मांग अच्छी रहने की उम्मीद है, इसलिए कंपनियों को लगता है कि कीमतें बढ़ाने का असर बिक्री पर ज्यादा नहीं पड़ेगा।
बाजार में मांग बनी हुई है
रिटेल सेक्टर से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, शहरों और गांवों दोनों जगह उपभोक्ताओं की मांग अभी स्थिर बनी हुई है। हाल के महीनों में खुदरा बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे कंपनियों को बाजार से अच्छे संकेत मिल रहे हैं।
हालांकि, उद्योग जगत का मानना है कि आने वाले समय में मानसून की स्थिति और कृषि उत्पादन का असर भी बाजार की मांग पर पड़ सकता है।
महंगाई पर सरकार और RBI की नजर
महंगाई को नियंत्रित रखना सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक दोनों की प्राथमिकता है। यदि उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में व्यापक बढ़ोतरी होती है तो इसका असर खुदरा महंगाई पर भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में नीति निर्माताओं की नजर बाजार की गतिविधियों, वैश्विक परिस्थितियों और घरेलू मांग पर बनी हुई है। आने वाले कुछ सप्ताह यह तय करेंगे कि कंपनियां कीमतें कितनी बढ़ाती हैं और उसका असर आम उपभोक्ता तक किस स्तर पर पहुंचता है।
घरेलू बजट पर पड़ सकता है सीधा असर
अगर रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं की कीमतें बढ़ती हैं तो सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग और आम परिवारों के मासिक खर्च पर दिखाई देगा। पहले से बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू सामान पर अतिरिक्त खर्च लोगों की बचत को प्रभावित कर सकता है। आर्थिक जानकारों का मानना है कि आने वाले महीनों में उपभोक्ताओं को अपने मासिक बजट की नई योजना बनानी पड़ सकती है।










