रायबरेली: एम्स रायबरेली (AIIMS Raebareli) में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक को जल्द पूरा कराने को लेकर सदर विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात की। विधायक ने सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात कर परियोजना की प्रगति और धनराशि से जुड़ी अड़चनों को उनके सामने रखा। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही पीएम-एभीम के तहत स्वीकृत परियोजना की शेष धनराशि जल्द अवमुक्त कराने की मांग की।
विधायक के अनुसार एम्स रायबरेली (AIIMS Raebareli) में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक के निर्माण के लिए 33.24 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत है। परियोजना के लिए अब तक 17.16 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। शेष धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में विधायक ने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।

अदिति सिंह ने कहा कि एम्स रायबरेली आसपास के जिलों के लाखों लोगों के लिए गंभीर और आपातकालीन उपचार का बड़ा केंद्र बन सकता है। क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल शुरू होने से गंभीर बीमारी, दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को अत्याधुनिक उपचार स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए लखनऊ अथवा दूसरे बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीज के साथ पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक दबाव में आ जाता है। यदि बेहतर उपचार की सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध हो तो समय पर इलाज मिलने के साथ परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को बताया प्राथमिकता
विधायक ने कहा कि रायबरेली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से परियोजना की बाधाएं दूर कर क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक सहयोग से शेष धनराशि जारी होने और निर्माण कार्य में तेजी आने का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि रायबरेली के किसी गरीब या मध्यमवर्गीय परिवार को गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहर जाने की मजबूरी न हो।










