Baba Baidyanath Dham Yatra: सावन के पावन महीने में भगवान शिव की भक्ति का उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में अमेठी के जायस क्षेत्र से बाबा बैद्यनाथ धाम (Baba Baidyanath Dham) की यात्रा के लिए कांवरियों का दूसरा जत्था रवाना हुआ। पूरे पन्नू राजापुर स्थित शिव मंदिर, बहादुरपुर से कांवरियों ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया और इसके बाद बाबा धाम के लिए प्रस्थान किया।
कांवरियों के रवाना होने के दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल शिवमय नजर आया। डीजे की धुन पर कांवरिए नाचते-गाते हुए आगे बढ़े और रास्तेभर ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। कांवरियों की शोभायात्रा जब बहादुरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची तो श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां से सभी कांवरिए ट्रेन के जरिए बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ कांवरियों की सेवा की। उन्होंने शिवभक्तों को फल वितरित किए और बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा के लिए सभी को शुभकामनाएं देते हुए मंगलमय यात्रा की कामना की।
कांवरियों के स्वागत और सेवा के लिए रास्ते में जगह-जगह स्थानीय शिवभक्तों की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। वहीं कई स्थानों पर जलपान और पेयजल की व्यवस्था कर कांवरियों की सेवा की गई।
सावन के महीने में कांवरियों के इस जत्थे के रवाना होने से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दर्शन करना उनके लिए आस्था और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ से परिवार, क्षेत्र और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करने की बात कही।










