Raebareli: रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है। रायबरेली में आज दिनांक 27 अगस्त 2026 दिन गुरुवार समय करीब 12 बजे जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त से इस सुविधा का लाभ महिलाओं को मिलना शुरू हो गया। यह सुविधा लगातार तीन दिनों तक यानी 27, 28 और 29 अगस्त तक लागू रहेगी। इस दौरान रोडवेज की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से किसी भी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा।
रायबरेली रोडवेज के एआरएम ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए तीन दिनों तक बस यात्रा पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। 27 से 29 अगस्त तक महिलाएं रोडवेज बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बस संचालन और व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा प्रदेश सरकार की ओर से 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा दिए जाने की घोषणा की गई है। रक्षाबंधन के बाद पात्र बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की बात कही जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और दूरदराज के इलाकों से आने-जाने वाली महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार की इस घोषणा को लेकर महिलाओं में उत्साह भी देखने को मिल रहा है। रक्षाबंधन के दौरान मायके जाने वाली महिलाओं के लिए तीन दिन की निशुल्क यात्रा आर्थिक रूप से राहत देने वाली मानी जा रही है।
हालांकि, विपक्ष और राजनीतिक हलकों में सरकार की इस घोषणा को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि सरकार चुनावी माहौल को देखते हुए महिलाओं को लुभाने के लिए ऐसी घोषणाएं कर रही है। वहीं सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) के अवसर पर महिलाओं को सुविधा देना उनकी सुरक्षा, सम्मान और आवागमन को आसान बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है।
रायबरेली में गुरुवार सुबह से ही रोडवेज बसों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ने लगी। तीन दिनों तक निशुल्क यात्रा की सुविधा से बड़ी संख्या में महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।










