Raebareli: रायबरेली जिले के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दूसरे दिन बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस से करीब 11:30 बजे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होने के लिए बचत भवन पहुंचे। बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सलोन से भाजपा विधायक अशोक कोरी, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी सहित जिलाधिकारी और जिला प्रशासन के करीब चार दर्जन से अधिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक शुरू होने के बाद जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और विभागों की योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। इसी दौरान राहुल गांधी ने अपनी फाइल से कुछ तस्वीरें निकालकर अधिकारियों के सामने रखीं। इन तस्वीरों में जिले की अलग-अलग सड़कों की बदहाल और टूटी हुई स्थिति दिखाई गई थी।

राहुल गांधी ने तस्वीरें जिलाधिकारी की ओर दिखाते हुए सड़कों की स्थिति को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि इन सड़कों की हालत सुधारने के लिए प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की गई है। जवाब में जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश के मौसम में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें से कुछ सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है, जबकि अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा देखा जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि दिशा की बैठक करीब तीन घंटे तक चली। बैठक में जिले के विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की योजनाओं और उनकी प्रगति को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक समाप्त होने के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
बैठक के बाद भाजपा विधायक ने साधा निशाना
राहुल गांधी के बैठक से बाहर निकलने के बाद सलोन से भाजपा विधायक अशोक कोरी ने उनके द्वारा सड़कों की तस्वीरें दिखाकर सवाल उठाने पर निशाना साधा। विधायक ने कहा कि राहुल गांधी ने बैठक के लिए सही तरीके से होमवर्क नहीं किया था। उनके पास पूछने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं था, इसलिए वह टूटी हुई सड़कों की तस्वीरें लेकर पहुंच गए।
अशोक कोरी ने कहा कि इस बार जिले में काफी बारिश हुई है, जिसके चलते सड़कों का क्षतिग्रस्त होना स्वाभाविक है। उन्होंने दावा किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है और जिन सड़कों को अधिक नुकसान हुआ है, उन पर पीडब्ल्यूडी काम कर रहा है।










