Raebareli: सांसद ने गेस्ट हाउस में सुनीं जनसमस्याएं व विकास योजनाओं का किया शिलान्यास-लोकार्पण

Raebareli: रायबरेली जिले के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अपने रायबरेली दौरे के दौरान बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सहित कई जनसमस्याएं सांसद के सामने रखीं। राहुल गांधी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। जनहित से जुड़ी इन योजनाओं के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं। वहीं, बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों के लिए बिजली के ट्रांसफार्मर भी दिए गए। योजनाओं के शुरू होने और संसाधन उपलब्ध होने से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने पर जोर दिया।

भुएमऊ गेस्ट हाउस में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राहुल गांधी सीधे बचत भवन पहुंचे। यहां उन्होंने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

दिशा की बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विकास कार्यों की समीक्षा की गई। राहुल गांधी ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।

Other Latest News

Leave a Comment