Raebareli: कृषक समृद्धि आयोग उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं की प्रगति, बाढ़ से हुए नुकसान, खाद-बीज की उपलब्धता, उर्वरक दुकानों और गौशालाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बैठक के बाद प्रेसवार्ता में कुलजीत सिंह ने कहा कि कृषक समृद्धि आयोग का उद्देश्य किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान कराना है। उन्होंने बताया कि जनपदों के भ्रमण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति देखी जा रही है और किसानों की समस्याओं व सुझावों को शासन तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रायबरेली में कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति संतोषजनक मिली है। कुछ योजनाओं के क्रियान्वयन में जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और क्षति का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर पात्र किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पंजीकृत खाद दुकानों पर निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसानों को खाद-बीज के लिए किसी प्रकार की परेशानी न होने देने को कहा गया। गौशालाओं में बाढ़ के पानी की स्थिति और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।










