Raebareli: ऊंचाहार से लखनऊ तक कैबिनेट मंत्री को लेने पहुंचा हेलीकॉप्टर, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल

सीएम योगी के विशेष बुलावे पर कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय राजधानी रवाना, साथ गए पंकज सिंह, केके पटेल और शिवराम पासी

Raebareli: प्रदेश भर में ऊंचाहार विधानसभा शिव महापुराण कथा के चलते चर्चा का विषय बना हुआ है। ऊंचाहार में चल रही भव्य कथा के बीच मंगलवार को उस समय सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया,जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष बुलावे पर कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना हुए। उनके साथ पंकज सिंह,केके पटेल और शिवराम पासी के भी राजधानी जाने की जानकारी सामने आई है।

अचानक हुए इस घटनाक्रम को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। ऊंचाहार के चड़रई टोल प्लाजा के निकट आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी धार्मिक आयोजन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं कथा स्थल पहुंच चुके हैं और मंच से आयोजन की सराहना भी कर चुके हैं। अब मुख्यमंत्री की ओर से विशेष हेलीकॉप्टर भेजकर मनोज पांडेय को लखनऊ बुलाए जाने ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है।

बुलावे के पीछे क्या है संदेश?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री ने मनोज पांडेय को अचानक विशेष हेलीकॉप्टर से लखनऊ क्यों बुलाया? क्या यह केवल कथा आयोजन से जुड़ा कार्यक्रम या प्रशासनिक विषय है, अथवा इसके पीछे कोई महत्वपूर्ण राजनीतिक विमर्श भी है? फिलहाल इसका आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है, इसलिए इन सवालों पर केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं।

मनोज पांडेय की राजनीतिक सक्रियता और ऊंचाहार में आयोजित बड़े धार्मिक कार्यक्रम के बीच यह घटनाक्रम सामने आने से राजनीतिक हलकों में उनकी भूमिका और प्रभाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

आस्था के मंच से सियासी गलियारों तक चर्चा

शिवमहापुराण कथा का आयोजन धार्मिक आस्था के लिहाज से भले ही केंद्र में हो, लेकिन इसकी भव्यता और इसमें जुट रही भीड़ ने इसे राजनीतिक नजरिए से भी चर्चा का विषय बना दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी और आयोजन की सराहना के बाद अब विशेष हेलीकॉप्टर से मनोज पांडेय का लखनऊ जाना नई चर्चा का कारण बन गया है।

राजधानी के लिए रवाना होने वालों में पंकज सिंह, केके पटेल और शिवराम पासी के नाम भी सामने आने के बाद सियासी चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है।राजनीतिक जानकार इस घटनाक्रम को अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।

कयासों का दौर, आधिकारिक तस्वीर का इंतजार

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लखनऊ में मनोज पांडेय की मुख्यमंत्री से मुलाकात किस मुद्दे पर होगी या इस बुलावे का कोई व्यापक राजनीतिक संदर्भ है या नहीं। ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि ऊंचाहार से लखनऊ तक हेलीकॉप्टर की इस यात्रा ने रायबरेली की सियासत में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

अब नजर इस बात पर है कि लखनऊ में मुख्यमंत्री और मनोज पांडेय के बीच क्या बातचीत होती है और उसके बाद कोई राजनीतिक या प्रशासनिक संकेत सामने आता है या नहीं। फिलहाल ऊंचाहार की शिवमहापुराण कथा के बीच हेलीकॉप्टर की यह उड़ान सियासी गलियारों में चर्चा का नया विषय बन गई है।

Other Latest News

Leave a Comment