Bokaro: बच्चों और किशोरों को तंबाकू की लत से दूर रखने के उद्देश्य से जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सिविल सर्जन बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कसमार प्रखंड के AAM गोविंदपुर और AAM मंजूरा से जुड़े विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों से तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाए रखने और स्वस्थ आदतों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
कार्मेल स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद

बोकारो थर्मल स्थित कार्मेल उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस और AAM गोविंदपुर की CHO अंजली कुमारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने समझाया कि तंबाकू का सेवन केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि समय के साथ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। विद्यार्थियों को कम उम्र में तंबाकू उत्पादों के संपर्क में आने से होने वाले नुकसान के प्रति भी सचेत किया गया।
मंजूरा स्कूल में भी बच्चों को किया जागरूक
उत्क्रमित उच्च विद्यालय मंजूरा में AAM मंजूरा की CHO मोनिका मिंज ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के नुकसान और इससे बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा न बनने दें। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
झारखंड में तंबाकू सेवन के आंकड़ों पर जोर
जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परामर्शी मोहम्मद असलम ने तंबाकू सेवन से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड में करीब 38.9 प्रतिशत वयस्क तंबाकू का सेवन करते हैं। वहीं, 13 से 15 वर्ष की उम्र के करीब 5.1 प्रतिशत बच्चे तंबाकू का सेवन शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में तंबाकू की शुरुआत को रोकना जरूरी है, क्योंकि बच्चों में जागरूकता के जरिए इसकी रोकथाम की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
नशामुक्ति केंद्र में मिलती हैं उपचार की सुविधाएं
मोहम्मद असलम ने बताया कि बोकारो स्थित तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र में तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को परामर्श के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। केंद्र में Spirometer और Carbon Monoxide Breath Monitor जैसी जांच सुविधाएं हैं। इसके अलावा जरूरत के अनुसार NRT और Non-NRT दवाओं की सुविधा भी उपलब्ध है। इनमें Bupropion, Nicotine Patch और Nicotine Gum शामिल हैं।
बच्चों ने लिया तंबाकू से दूरी का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने तंबाकू उत्पादों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जागरूकता कार्यक्रम के जरिए बच्चों को यह संदेश दिया गया कि नशे से बचाव की शुरुआत सही जानकारी और मजबूत इच्छाशक्ति से की जा सकती है।










