Gomia: स्वांग में आयोजित चतुर्थ वर्षीय श्री श्री गणेश पूजा महोत्सव का समापन धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य नगर भ्रमण के साथ हुआ। कई दिनों तक चले गणेशोत्सव में सुबह-शाम पूजा, प्रसाद वितरण और संगीतमय प्रवचन के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की आराधना की। 19 सितंबर को ढोल-नगाड़ों के बीच निकली शोभायात्रा के बाद विधि-विधान से प्रतिमा विसर्जन कर बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई।
18 सितंबर को हवन और कन्या पूजन से हुआ धार्मिक आयोजन

महोत्सव के अंतिम चरण में 18 सितंबर को विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन का आयोजन किया गया। इसके बाद कन्या पूजन कराया गया और श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही। समिति की ओर से पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया।
नगर भ्रमण में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह
19 सितंबर को गणेश प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली यात्रा में महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। नगर भ्रमण के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया और अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ बप्पा को विदाई दी गई।
कौशल्या देवी ने महिलाओं के साथ बढ़ाया उत्साह
नगर भ्रमण के दौरान भूतपूर्व विधायक की धर्मपत्नी कौशल्या देवी भी महिलाओं के साथ शामिल रहीं। उन्होंने यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर भाग लिया और विसर्जन तक साथ रहीं। उनकी मौजूदगी से महिलाओं में भी उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता का माहौल बना रहा।
मंत्री से लेकर जनप्रतिनिधियों तक ने लिया आशीर्वाद
गणेश महोत्सव के दौरान राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने पूजा पंडाल पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र महतो, लम्बोदर महतो, कांग्रेस नेता सुबोध सिंह पवार, विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह, विल्सन फ्रांसिस, झामुमो नेता नरेश मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता आयोजन में पहुंचे।
इसके अलावा शंकर पासवान, आकाश लाल सिंह, सूरज लाल सिंह, प्रकाश लाल सिंह, राजेश विश्वकर्मा, विनोद पासवान और स्वांग दक्षिणी पंचायत की मुखिया रीना सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी पूजा-अर्चना की।
पुलिस अधिकारियों ने भी पंडाल में की शिरकत
आयोजन के दौरान क्षेत्र के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रही। पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट थाना प्रभारी भजन लाल, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो, आईईएल थाना प्रभारी श्री मंडल, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू यादव, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति और गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने पंडाल पहुंचकर पूजा की।
सीसीएल अधिकारियों ने भी लिया गणपति का आशीर्वाद
सीसीएल प्रबंधन से जुड़े कई अधिकारियों ने भी महोत्सव में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कथारा क्षेत्र के असैनिक अधिकारी प्रशांत दे, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक दास सर, जेपी सिंह, प्रीतम कुमार, महाप्रबंधक उत्पादन विनोद कुमार, अर्जुन कुमार प्रसाद, परियोजना पदाधिकारी द्विवेदी समेत ढोरी, करगली और कथारा क्षेत्र के कई विभागाध्यक्ष कार्यक्रम में शामिल हुए।
साध्वी लक्ष्मी रामायणी के प्रवचन ने बांधा समां
गणेश महोत्सव के दौरान श्रीधाम वृंदावन से पहुंचीं साध्वी लक्ष्मी रामायणी ने संगीतमय प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति से जोड़ा। वहीं आचार्य सुनील शास्त्री के निर्देशन में नियमित पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। सुबह और शाम के पूजन के साथ श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन प्रसाद वितरण की व्यवस्था रही।
कमेटी ने सहयोग करने वालों का जताया आभार
समिति के सदस्य मनोज सिंह ने आयोजन की सफलता के लिए कमेटी के सभी सदस्यों और बच्चों के योगदान की सराहना की। उन्होंने विजय सिंह, जगदीश, संतोष कुमार, डीके राय, पंकज सिन्हा, कृष्णकांत त्रिपाठी और ललन सिंह समेत सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। सामूहिक प्रयास से महोत्सव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










