Madhya Pradesh Foundation Day 2026: समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर मनाया जाए प्रदेश का स्थापना दिवस : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कृषि पर केन्द्रित होंगी प्रदर्शनियां और कृषि के क्षेत्र में नवाचार व उपलब्धियों को मिलेगा सम्मान, सभी शासकीय भवनों पर स्थापना दिवस पर एक नवम्बर की रात्रि को की जाएगी रोशनी

Madhya Pradesh Foundation Day 2026: मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस इस बार खेती और किसान कल्याण के संदेश के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ की थीम पर मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष से जोड़ते हुए स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को कृषि विकास केंद्रित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर का दिन प्रदेश की कृषि क्षमता, किसानों की मेहनत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की उपलब्धियों को सामने रखने का अवसर बने।

उन्नत और प्राकृतिक खेती की दिखेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थापना दिवस के दौरान उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती और कृषि क्षेत्र में हुए नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएं। इनमें प्रदेश में खेती के बदलते तौर-तरीकों और किसानों की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले किसानों, उद्यमियों और युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

हर जिले में उत्सव जैसा माहौल

स्थापना दिवस का आयोजन केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में कार्यक्रमों को उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित करने पर जोर दिया है। जिला मुख्यालयों पर स्थानीय संस्कृति, उपलब्धियों और जिला उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों की विशेष पहचान को भी मंच मिलेगा।

रात में जगमगाएंगे सरकारी भवन

स्थापना दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवन रोशनी से जगमगाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न रहकर प्रदेशवासियों का उत्सव बने। इसके लिए आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाल परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह

राज्य स्तरीय स्थापना दिवस समारोह राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। यहां विकसित मध्यप्रदेश-2047, एक जिला-एक उत्पाद, प्रदेश के जननायकों, पारंपरिक कलाओं, मंदिर स्थापत्य, ऋषि परंपरा और विरासत से विकास जैसे विषयों पर प्रदर्शनियां लगेंगी। कृषि क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा।

देशज स्वाद और संगीत का भी रंग

मुख्य समारोह में देशज व्यंजनों का मेला आकर्षण का केंद्र रहेगा। 1 नवंबर की शाम सुगम संगीत का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार प्रस्तुति देंगे। समारोह के समापन अवसर को आकर्षक बनाने के लिए आतिशबाजी भी प्रस्तावित है।

जिलों की उपलब्धियों को मिलेगा मंच

जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जिले के उत्कृष्ट कार्यों और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े लोगों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संगठनों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा लोकतंत्र सेनानियों को आमंत्रित किया जाएगा।

प्रतिभाओं और स्टार्टअप को भी मौका

स्थापना दिवस के आयोजन में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और क्षमता दिखाने का अवसर देने पर भी जोर दिया गया है। स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप से जुड़े ऐसे लोगों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा, जिन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बैठक में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान यातायात, सुरक्षा और बैठक व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

मंत्रालय में हुई तैयारियों की समीक्षा

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर मंत्रालय भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, संजय कुमार शुक्ला, शिवशेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना समेत संस्कृति और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment