Hindi Pakhwada 2026: राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति, दामोदर घाटी निगम (डीवीसी), बोकारो ताप विद्युत केंद्र के तत्वावधान में आयोजित हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को दा घा नि +2 उच्च विद्यालय में हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दा घा नि मध्य विद्यालय की कक्षा छह से आठ तथा दा घा नि +2 उच्च विद्यालय की कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों को तीन समूहों में विभाजित किया गया—ग्रुप ‘ए’ : कक्षा 11–12, ग्रुप ‘बी’ : कक्षा 9–10 तथा ग्रुप ‘सी’ : कक्षा 6–8। सभी प्रतिभागियों ने राजभाषा अनुभाग द्वारा निर्धारित विषयों पर अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को हिंदी में सोचने, सृजन करने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को जीवंत बना दिया।

आयोजन को सफल बनाने में दा घा नि मध्य विद्यालय के प्रतिनिधि शिक्षक कृष्ण कांत मिश्रा, दा घा नि +2 उच्च विद्यालय के प्राचार्य धनंजय कुमार; शिक्षक शिव मोहन गुप्त, सुकेश प्रजापति एवं खेदन रजक सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। प्रतियोगिता के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु दीनानाथ शर्मा, सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) तथा तारकेश्वर जायसवारा, सहायक ग्रेड–I (राजभाषा) ने पर्यवेक्षक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजभाषा अनुभाग के मिथिलेश कुमार ने आयोजन में अपना सहयोग प्रदान किया।
लेखन शब्दों के संयोजन के साथ विचारों को अभिव्यक्ति देने की कला है। हिंदी पखवाड़ा–2026 के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति जोड़ने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय रही।










