रायबरेली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव और हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने बुधवार को अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन की जानकारी दी।
बताया गया कि अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत तैयार किए गए पीडीए रथ पर सवार होकर रायबरेली पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करने की भी जानकारी दी गई है। इसके अलावा हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर पहुंचकर अखिलेश यादव के चाय पीने का कार्यक्रम भी बताया जा रहा है।

अखिलेश यादव का यह दौरा 17 सितंबर को फिरोज गांधी कॉलेज गेट पर हुए विवाद के बाद और महत्वपूर्ण हो गया है। उस दिन समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था। मामला पुलिस तक पहुंचा और बाद में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए थे।
घटना के बाद सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया था। इस दौरान सपा नेताओं की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई थी। सपा नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने और हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों को खारिज करते हुए पूरे मामले में अलग पक्ष रखा गया था।
घटना के बाद अखिलेश यादव ने सार्वजनिक मंच से मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रायबरेली आकर विधायक राहुल लोधी के घर चाय पीने की बात कही थी। अब उनके 24 सितंबर के दौरे को उसी घोषणा से जोड़कर देखा जा रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का पीडीए रथ के साथ रायबरेली पहुंचना सपा के संगठनात्मक अभियान की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। जिले में पार्टी संगठन पहले से ही चुनावी तैयारियों में जुटा है। ऐसे में अखिलेश यादव का दौरा कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने के साथ स्थानीय राजनीतिक मुद्दों को भी नई धार दे सकता है। उनके दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।










