Raebareli: योगी मॉडल को सपा ने भी अपनाया, अखिलेश के स्वागत में दो बुलडोजर तैयार

Raebareli: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत को लेकर शहर में जगह-जगह तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आईटीआई मोड़ पर स्वागत कैंप में अखिलेश यादव के माल्यार्पण के लिए दो बुलडोजर तैयार किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव के स्वागत के दौरान इन बुलडोजरों के माध्यम से उन्हें माला पहनाई जाएगी। स्वागत की इस अनोखी तैयारी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। मौके पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत स्थल को सजाने और कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उनका स्वागत अलग अंदाज में करने की तैयारी की गई है। आईटीआई मोड़ पर लगाए गए कैंप में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

बुलडोजर के जरिए माल्यार्पण की तैयारी को लेकर स्थानीय स्तर पर इसे राजनीतिक संदेश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी स्वागत की यह तैयारी चर्चा का विषय बनी हुई है।

अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने से पहले ही शहर में पोस्टर, बैनर और स्वागत कार्यक्रमों के जरिए सियासी माहौल गर्म हो गया है। अब आईटीआई मोड़ पर दो बुलडोजरों से होने वाला यह अनोखा स्वागत कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Other Latest News

Leave a Comment