Raebareli: सरेनी थाना क्षेत्र के ग्राम कंजास निवासी एक दलित युवक ने दबंगों पर आए दिन जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान पीड़ित ने आज दिनांक 29 सितंबर 2026 दिन मंगलवार को समय करीब 9:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई।
पीड़ित अंकित पासी के अनुसार, गांव के ही दबंगों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि आए दिन उसे जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। पीड़ित का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसे निशाना बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नहीं है। अंकित पासी के मुताबिक, दबंग की पुत्री द्वारा भी उसे कथित तौर पर जान से मारने की चुनौती दी गई है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते पीड़ित ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अंकित पासी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई।
अब देखना यह है कि शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच किस स्तर तक पहुंचाती है और पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।










