Raebareli: राही ब्लाक के भरतगंज बाजार में जलभराव से बढ़ी परेशानी, नालियों की सफाई न होने पर लोगों में नाराजगी

Raebareli: सदर तहसील क्षेत्र राही ब्लॉक क्षेत्र के लोधवारी स्थित भरतगंज बाजार में नालियों की नियमित सफाई न होने से जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर होती जा रही है। नालियों में कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित है, जिसके चलते गंदा पानी सड़क और दुकानों के आसपास जमा हो रहा है। इससे दुकानदारों के साथ-साथ बाजार में आने-जाने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भरतगंज बाजार की नालियों की लंबे समय से ठीक तरीके से सफाई नहीं हुई है। नालियों में कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण पानी का बहाव रुक गया है। हल्की बारिश या आसपास से आने वाला पानी भी आसानी से निकल नहीं पाता। इसके बाद सड़क के किनारे जलभराव हो जाता है और लोगों को कीचड़ व गंदे पानी के बीच से होकर निकलना पड़ता है।

दुकानदारों का कहना है कि दुकानों के सामने गंदा पानी जमा रहने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। ग्राहक जलभराव और गंदगी के कारण दुकानों तक पहुंचने में परेशानी महसूस करते हैं। वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से दुर्गंध फैलने के साथ ही मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।

बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन होता है। ऐसे में जलभराव की समस्या लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था पर जिम्मेदारों द्वारा पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से भरतगंज बाजार की नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो आने वाले दिनों में गंदगी और जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।

Other Latest News

Leave a Comment