Raebareli: महाराजगंज थाना क्षेत्र की थुलवांसा चौकी से जुड़ा एक मामला पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। पति-पत्नी के विवाद में पति ने पत्नी पर गैर पुरुष से फोन पर बातचीत और मुलाकात करने का आरोप लगाया है। वहीं, पत्नी द्वारा चौकी में शिकायत किए जाने के बाद पुलिस पर पति के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी महाराजगंज को प्रार्थना-पत्र देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम थुलवांसा, चौकी आवास के पास निवासी सोहनलाल पुत्र स्वर्गीय रामनरेश ने दिए शिकायती पत्र में अपनी पत्नी मोनी तथा थुलवांसा चौकी प्रभारी राहुल मिश्रा के खिलाफ शिकायत की है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने बच्चों और परिवार के भरण-पोषण के लिए ग्रेटर नोएडा में मजदूरी करता है और वहीं रहता है, जबकि उसकी पत्नी गांव में रहती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी में पत्नी किसी गैर पुरुष से फोन पर बातचीत करती है और उससे मिलने-जुलने की बात भी सामने आई।
बताया गया कि जब पति ने पत्नी को अपने साथ शहर ले जाने की बात कही तो उसने कथित तौर पर इनकार कर दिया। इससे पति को शक हुआ और उसने पत्नी का मोबाइल देखने की कोशिश की। आरोप है कि मोबाइल चेक किए जाने की भनक लगते ही पत्नी ने मोबाइल का सिम तोड़ दिया और बाद में थुलवांसा चौकी पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत कर दी।
शिकायत हुई तो पति ही बना निशाना?
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी की शिकायत के बाद उसे चौकी बुलाया गया, जहां पुलिस ने उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ लाठी से मारपीट की। शिकायतकर्ता का दावा है कि पिटाई किए जाने के कारण उसके शरीर पर चोटें आई हैं।
इतना ही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी उसे धमकी देती है कि वह महिला है, इसलिए हर जगह उसकी ही सुनी जाएगी और उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया जाएगा।
मामले में पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी महाराजगंज से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि पति-पत्नी के निजी विवाद में पुलिस ने वास्तव में क्या कार्रवाई की? क्या चौकी में मारपीट हुई या आरोप निराधार हैं? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा। फिलहाल शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।










