Amethi: वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जायस पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, 315 बोर के तीन जिंदा कारतूस, एक हॉकी और एक डंडा बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बताई जा रही स्विफ्ट और बलेनो कार भी पुलिस ने बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक पांचों आरोपी एक मामले में वांछित चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश और दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की कार्रवाई भी बढ़ाई है। बरामद दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन में थाना जायस पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि वांछित एवं आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










