Raebareli: रायबरेली जिले में लगातार हुई बारिश के बाद सई नदी का जलस्तर अब भी बढ़ रहा है। बारिश थमने के बाद भी नदी का पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सई नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते करीब 10 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बरचंदा, उदरहरा, मदाखेड़ा समेत आसपास के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने से कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
आपको बता दें दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दिन बुधवार को समय करीब 3 बजे गांवों में पानी भरने के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों को जरूरी कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

शहीद स्मारक तक पहुंचा बाढ़ का पानी
सई नदी के पास स्थित टूटे पुल के आसपास भी पानी का फैलाव तेजी से बढ़ रहा है। नदी का पानी शहीद स्मारक परिसर के अंदर तक पहुंच गया है। इससे स्मारक परिसर में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। आसपास के क्षेत्र में पानी बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है।
प्रभावित गांवों में मदद के निर्देश
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित गांवों में हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने की बात कही गई है। अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पानी उतरने के बाद होगा नुकसान का आकलन
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि नदी का पानी कम होने के बाद बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा। प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें सई नदी के जलस्तर पर टिकी हैं। पानी लगातार बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के सामने प्रभावित गांवों में राहत और बचाव व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती बनी हुई है।










