Raebareli News: सरस मेले का समापन, 10 नवजात बेटियों का केक काटकर मनाया जन्मोत्सव

Raebareli: रायबरेली शहर के जीआईसी मैदान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सदर विधायक अदिति सिंह ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, कन्या जन्मोत्सव के तहत 10 नवजात बालिकाओं का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। साथ ही उनके परिवारों को बेबी किट भी वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने एवं समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।

समारोह में उद्योग विभाग की ओर से एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के 20 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनसे समारोह में उत्साह का माहौल रहा।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुख्य अतिथि सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। देश और प्रदेश में महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं छोटे-छोटे कार्यों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं की यह भागीदारी देश, प्रदेश और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम का संचालन एसएस पांडेय ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार गौतम, एलडीएम सुबोध मिश्रा, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक राजीव सिंह, जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

Other Latest News

Leave a Comment