Raebareli: साइबर अपराध से बचाव के लिए NIFT रायबरेली में चला जागरूकता अभियान, छात्रों को किया जागरूक

Raebareli Cyber Awareness Campaign: साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस द्वारा अक्टूबर माह को साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को साइबर थाना पुलिस की टीम ने NIFT रायबरेली में जागरूकता अभियान आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, गांवों, बैंकों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान यूपीआई पेमेंट फ्रॉड, ऑनलाइन सेक्सटॉर्शन और साइबर स्टॉकिंग जैसे अपराधों की जानकारी देकर उनसे बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट और हैंडबिल भी वितरित किए गए।

NIFT रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन, सीवीवी और पासवर्ड साझा न करें। पैसे प्राप्त करने के नाम पर यूपीआई पिन न डालें और अनजान क्यूआर कोड या पेमेंट रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। फर्जी केवाईसी (KYC) और रिफंड के नाम पर होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने की अपील की गई।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, मोबाइल नंबर, पता और लोकेशन सार्वजनिक न करने की सलाह दी। अनजान लोगों को निजी फोटो या वीडियो भेजने तथा वीडियो कॉल पर भरोसा करने से बचने को कहा गया। ऑनलाइन धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में घबराने अथवा शर्म के कारण घटना छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर तुरंत करें शिकायत

रायबरेली पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है। पुलिस ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

Other Latest News

Leave a Comment