Raebareli: सलोन नगर पंचायत उपचुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे से, कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना कराने के दिए निर्देश

Raebareli: नगर पंचायत सलोन के रिक्त अध्यक्ष पद पर हुए उपचुनाव की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान मतगणना प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण प्रभारी एवं क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, रायबरेली के आचार्य अनूप कुमार ने कार्मिकों को उनके दायित्वों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत सलोन के रिक्त अध्यक्ष पद पर संपन्न उपचुनाव की मतगणना 15 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज, सलोन में शुरू होगी। उन्होंने सभी मतगणना कार्मिकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित नियमों का भली-भांति अध्ययन कर पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और मतगणना निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनायक शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment