Kathara: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में शनिवार, 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मशती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय के एनसीसी नेवल एवं आर्मी विंग के कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में सरदार पटेल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने हिंदी और अंग्रेजी में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली। कैडेट्स ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और अखंड भारत के प्रतीक थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से 562 देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नेवल विंग के एएनओ राहुल कुमार, आर्मी विंग के सीटीओ शिव प्रकाश सिंह एवं शारीरिक शिक्षक ओंकार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र दुबे, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर.एस. मिश्रा, राकेश रंजन, संगीत कुमार सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।










