Bokaro Thermal: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो ताप विद्युत केंद्र (BTPS) के सतर्कता विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के तहत रविवार, 1 नवंबर को ऑफिसर्स क्लब, बोकारो थर्मल में विद्यार्थियों के लिए सतर्कता चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी कला और कल्पनाशीलता के माध्यम से भ्रष्टाचारमुक्त भारत की तस्वीर उकेरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना सतर्कता अधिकारी उज्ज्वल विश्वास ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्टाचारमुक्त भारत के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों में नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की भावना विकसित करने पर जोर दिया।

सतर्कता विभाग की ओर से निर्धारित विषय ‘भ्रष्टाचार रोकें, नया भारत बनाएं’ (Stop Corruption, Build a New India) पर आधारित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और तूलिकाओं के जरिए भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। उनके चित्रों में एक ईमानदार, पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त समाज की परिकल्पना देखने को मिली।
प्रतियोगिता में बनाए गए चित्रों का मूल्यांकन केंद्रीय विद्यालय, बोकारो थर्मल के कला शिक्षक शशि भूषण, टीजीटी (कला) ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सतर्कता विभाग के कार्यालय अधीक्षक (पीजी) ए.एम.एम. कैफ़ी तथा सहायक ग्रेड-I एवं आयोजन समिति के सदस्य मो. शाहिद इकराम का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं, सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) एवं आयोजन समिति के सदस्य दीनानाथ शर्मा ने प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में छोटी उम्र से ही ईमानदारी, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित होती है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि भ्रष्टाचारमुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार और जिम्मेदार बनेगा।










