Raebareli: रायबरेली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को पुलिस लाइन में यातायात माह 2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया। इसके बाद यातायात जागरूकता के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान पूरे नवंबर माह तक संचालित किया जाएगा।
यातायात माह के दौरान पुलिस विभाग की ओर से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले हादसों के प्रति लोगों को सचेत किया जाएगा।

कार्यक्रम में गुड सेमेरिटन (नेक राहगीर) योजना को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवता के नाते प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। अक्सर हादसों के बाद लोग पुलिस कार्रवाई या कानूनी उलझनों के डर से घायलों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं, जबकि समय पर अस्पताल पहुंचने से किसी की जान बचाई जा सकती है। ऐसे नेक व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर उपचार और सहायता मिल सके।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने यातायात नियमों के पालन को सुरक्षित जीवन के लिए जरूरी बताते हुए आमजन से जागरूक और जिम्मेदार वाहन चालक बनने की अपील की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट राम औतार, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन और क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










