रायबरेली जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भटपुरवा गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला ने अपने ही गांव के दबंगों पर सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण करने और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आज दिनांक 9 अप्रैल 2026 दिन गुरुवार को दोपहर करीब 1:00 बजे अपने बेटे के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित महिला प्रमिला शर्मा ने बताया कि गांव के विपक्षी सुरेश शर्मा और उनकी पत्नी बीना शर्मा उनके घर के सामने स्थित सार्वजनिक रास्ते पर जबरन निर्माण कार्य कर रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह सभी साक्ष्यों के साथ मिल एरिया थाने पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं की गई। उल्टा, उन्होंने थाने के दरोगा हरजीत सिंह और सिपाही इंद्रजीत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने उनके बेटे के साथ गाली-गलौज की और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
प्रमिला शर्मा ने यह भी बताया कि इससे पहले भी संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।










