Dhanbad: दुर्गा पूजा से पहले एक्शन में DC-SSP, धनबाद की सड़कों और लाइट व्यवस्था का लिया जायजा

केंदुआडीह से गया पुल अंडरपास तक निरीक्षण, 3 से 5 दिनों में प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश

Dhanbad: दुर्गा पूजा (Durga Puja) में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार रविवार देर शाम सड़क पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने केंदुआडीह, गया पुल अंडरपास, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों की स्थिति, नालियों, साफ-सफाई और लाइट व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने प्रमुख सड़कों को अगले 3 से 5 दिनों के भीतर, जहां तक संभव हो, आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया। जिन सड़कों पर बिटुमिनस मरम्मत संभव है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करने को कहा गया। वहीं, पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। नगर निगम की ओर से विभिन्न स्थानों पर 15 से 20 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी गई।

केंदुआडीह सड़क पर रहेगी विशेष निगरानी

केंदुआडीह सड़क पर दरारें और गैस रिसाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उपायुक्त के अनुसार, फिलहाल बालू भराई समेत आवश्यक अस्थायी कार्य किए जा रहे हैं और दुर्गा पूजा तक सड़क को अस्थायी रूप से चालू करने का प्रयास है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल केवल छोटे वाहनों के परिचालन की अनुमति रहेगी। लगभग एक महीने तक स्थिति की निगरानी के बाद आगे के परिचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

एसएसपी प्रभात कुमार ने दुर्गा पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment