रायबरेली : जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ( DM ) ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत वितरित गणना प्रपत्रों की शत-प्रतिशत समयबद्ध वापसी में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित है और अब केवल सात दिन शेष रह गए हैं, जबकि अभी भी बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस नहीं किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और समय रहते अपना गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करें। अंतिम समय में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचाव के लिए शीघ्र ही अपना प्रपत्र बीएलओ को जमा करें। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र 4 दिसंबर तक जमा होंगे, उन्हीं के नाम मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में शामिल किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता को 2003 से संबंधित विवरण नहीं मिल पा रहा है तो वे वर्तमान विवरण भरकर हस्ताक्षर कर गणना प्रपत्र बीएलओ को सौंप दे। संबंधित बीएलओ आवश्यक विवरण भरने में सहायता करेंगे ।मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर अधिकतम संख्या में गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा करा कर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी अभिषेक वर्मा, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










