Electricity Bill Relief Scheme 2025-26 : उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “बिजली बिल राहत योजना 2025-26” (Electricity Bill Relief Scheme 2025-26) को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रदेश भर में 1 दिसंबर 2025 से लागू कर दिया है। इस योजना के तहत पुराने बकायादारों को बिजली बिल के मूलधन व लेट पेमेंट सरचार्ज में भारी राहत दी जा रही है। रायबरेली जनपद में भी इस योजना को जोर-शोर से लागू किया जा रहा है।
रविवार 7 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित त्रिपुला पावर हाउस पहुंचे अधिशासी अभियंता यदुवेंद्र यादव ने मीडिया को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए है जिनके पुराने बिजली बिल बकाया हैं या जो लंबे समय से बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं।

योजना की प्रमुख विशेषताएं एवं राहतें
- लेट पेमेंट सरचार्ज (ब्याज) में 100% छूट : पूरी योजना अवधि तक बकाया बिल पर लगा कोई भी ब्याज पूरी तरह माफ।
- मूलधन पर पहली बार 25% तक की छूट : एकमुश्त भुगतान करने पर बकाया बिल के मूलधन में सीधे 25 फीसदी तक की भारी छूट।
- बकाया बिल और वर्तमान बिल अलग-अलग : पुराना बकाया और नया चल रहा बिल अलग किया जाएगा, ताकि उपभोक्ता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
- नियमित बिल भरने वालों के लिए सुविधा : जो उपभोक्ता अपना वर्तमान बिल नियमित जमा करते रहेंगे, वे पुराना बकाया मात्र 500 से 750 रुपये की आसान मासिक किस्तों में जमा कर सकेंगे।
- पूर्ण भुगतान पर ब्याज मुक्त किस्तें : पूरी राशि जमा करने पर कोई अतिरिक्त ब्याज नहीं लगेगा।
- बड़ा बिल आने पर औसत बिल का प्रावधान : यदि किसी महीने असामान्य रूप से बड़ा बिल आए तो उपभोक्ता पिछले औसत बिल के आधार पर भुगतान कर सकता है, बाद में समायोजन किया जाएगा।
- घरेलू एवं छोटे वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए विशेष राहत
- घरेलू कनेक्शन (2 किलोवाट तक)
- वाणिज्यिक कनेक्शन (1 किलोवाट तक)
जिन्होंने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया (Never Paid/Long Unpaid), उन्हें भी इस योजना में भारी छूट मिलेगी।
- नया कनेक्शन लेकर बिल जमा न करने वालों को भी मौका : जिन उपभोक्ताओं ने बिजली कनेक्शन तो ले लिया लेकिन अभी तक कोई बिल जमा नहीं किया, उन्हें भी एकमुश्त भुगतान या आसान किस्तों में बिल जमा करने पर विशेष छूट दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता यदुवेंद्र यादव ने सभी बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं और अपना बकाया बिल जल्द से जल्द जमा कर कनेक्शन नियमित कराएं। उन्होंने कहा कि यह योजना सीमित समय तक ही उपलब्ध है, इसलिए देर न करें।
योजना का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली घर, त्रिपुला पावर हाउस या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।










