Farrukhabad : याकूतगंज रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर–कासगंज रेलवे मार्ग पर स्थित याकूतगंज हाल्ट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के पास एक अज्ञात युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार युवक ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह कट गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की। मृतक युवक ने लाल रंग की बनियान और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।










